गुना कोर्ट से लापता सहायक ग्रेड-3 कर्मचारी का लटेरी में मिला शव


पेड़ से लटका मिला मनीष बाथम का शव, हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से जांच

लटेरी/गुना। गुना जिला न्यायालय से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए सहायक ग्रेड-3 कर्मचारी मनीष बाथम (38) का शव बुधवार सुबह विदिशा जिले के लटेरी क्षेत्र में पेड़ से लटका मिला। शव आनंदपुर थाना क्षेत्र के ग्राम भगवंतपुर में सिंध नदी पुल से करीब 400 मीटर दूर मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर फोरेंसिक टीम से साक्ष्य जुटाए।

जानकारी के अनुसार मनीष बाथम मंगलवार सुबह करीब 10.30 बजे गुना जिला न्यायालय में ड्यूटी पर थे। दोपहर करीब 12.15 बजे वे संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए। सहकर्मी संजीव झा ने गुना थाने में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। परिजनों ने भी किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए उन्हें बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका व्यक्त की थी।

कर्मचारी के अचानक लापता होने के मामले को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने गंभीरता से लेते हुए पुलिस को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद पुलिस ने उनकी तलाश शुरू की। बुधवार सुबह लटेरी क्षेत्र में शव मिलने की सूचना के बाद उसकी पहचान मनीष बाथम के रूप में हुई।

जेब से दस्तावेज, पास में मिली शराब की बोतल

पुलिस के अनुसार मृतक की जेब से कुछ दस्तावेज मिले हैं। वहीं शव के पास शराब की एक क्वार्टर बोतल भी मिली है। हालांकि शराब की बोतल मृतक की थी या किसी अन्य व्यक्ति की, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस इस बिंदु को भी जांच में शामिल कर रही है।

घटना की परिस्थितियां संदिग्ध होने के कारण पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए लटेरी के शासकीय अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटनास्थल पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस द्वारा मृतक के गुना से लापता होने से लेकर लटेरी में शव मिलने तक की परिस्थितियों और उसके संपर्क में रहे लोगों की जानकारी भी जुटाई जा रही है। मामले की जांच जारी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ