आनंदपुर। कृषि उपज उपमंडी के समीप बुधवार सुबह सड़क हादसे में बाइक सवार तीन लोग घायल हो गए। बताया गया कि सुबह करीब 10 बजे तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर की बाइक से भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार 18 वर्षीय संजीव वाल्मीकि, निवासी रुसल्ली साहू सहित दो महिलाएं घायल हो गईं।
दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें भोपाल रेफर कर दिया गया। फिलहाल चिरायु अस्पताल में घायलों का उपचार चल रहा है। प्रधान आरक्षक अनिल तोमर ने बताया कि घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन को घटनास्थल पर ही छोड़कर भाग गया। पुलिस ने ट्रैक्टर को अपने कब्जे में लेकर थाने में खड़ा कराया है। फरियादी की रिपोर्ट मिलने के बाद प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हादसे के कारणों और घटनाक्रम की जांच कर रही है।कीटनाशक पीने से 62 वर्षीय महिला की मौत
वहीं, क्षेत्र में एक अन्य घटना में 62 वर्षीय महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। बामनखेड़ी निवासी शांतिबाई शर्मा ने एक दिन पहले अज्ञात कारणों के चलते कीटनाशक का सेवन कर लिया था। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और कीटनाशक सेवन के पीछे रहे कारणों का पता लगाया जा रहा है।




0 टिप्पणियाँ