सिरोंज। कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने गुरुवार को सिरोंज जनपद पंचायत कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय की व्यवस्थाओं के साथ विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। रिकॉर्ड और फाइलों के रखरखाव में सुधार के साथ निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कार्यालय में रखी फाइलों और रिकॉर्ड को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फाइलों की सूची तैयार कर चस्पा की जाए और रिकॉर्ड रूम में दस्तावेजों को सुरक्षित तरीके से रखा जाए। सभी फाइलों को अल्फाबेट के क्रम में अलमारियों या पेटियों में रखने के निर्देश भी दिए गए, ताकि जरूरत पड़ने पर रिकॉर्ड आसानी से मिल सके।
कलेक्टर ने कार्यालय के अलग-अलग कक्षों का निरीक्षण कर कर्मचारियों से उनके कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने प्रत्येक कक्ष के बाहर संबंधित स्टाफ का नाम, पद, कार्य और मोबाइल नंबर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यालय में बायोमेट्रिक उपस्थिति अनिवार्य करने और इसी आधार पर वेतन जारी करने के निर्देश जनपद सीईओ को दिए।आवास योजना की शिकायतों पर कलेक्टर सख्त
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने जनपद पंचायत कार्यालय पहुंचे ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं। आवास योजना का लाभ लेने में आ रही परेशानियों को लेकर लोगों ने शिकायतें रखीं।
आवेदकों ने संबंधित अधिकारी के मुख्यालय पर नियमित रूप से उपस्थित नहीं रहने की शिकायत भी की। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने जनपद सीईओ को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही सीईओ के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को रिपोर्ट भेजने और नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि योजनाओं का लाभ लेने वाले ग्रामीणों को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए और कार्यालयीन व्यवस्थाओं को बेहतर बनाया जाए।




0 टिप्पणियाँ