बस किराया बढ़ोतरी पर अजय सिंह का सरकार पर निशाना, आदेश निरस्त करने की मांग

भोपाल। मध्य प्रदेश में निजी बसों के किराए में हुई बढ़ोतरी को लेकर कांग्रेस के पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने परिवहन विभाग द्वारा किराया बढ़ाने के जारी आदेश को जनविरोधी बताते हुए तत्काल निरस्त करने की मांग की है।


अजय सिंह ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट कर कहा कि नए नियमों के तहत सामान्य बसों का मूल किराया 1.25 रुपए से बढ़ाकर सीधे 2 रुपए प्रति किलोमीटर कर दिया गया है। वहीं न्यूनतम किराया भी 7 रुपए से बढ़ाकर 10 रुपए कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस बढ़ोतरी का सबसे ज्यादा असर गरीब और मध्यमवर्गीय यात्रियों पर पड़ेगा।


उन्होंने कहा कि विभिन्न श्रेणियों की बसों के रात्रिकालीन सफर में भी अतिरिक्त किराया देना होगा। सामान्य बस सेवा में 10 प्रतिशत, नॉन-एसी डीलक्स में 25 प्रतिशत, स्लीपर में 40 प्रतिशत, एसी डीलक्स में 50 प्रतिशत और सुपर लग्जरी कोच में 75 प्रतिशत अधिक किराया देना होगा।


अजय सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार द्वारा की गई यह बढ़ोतरी आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालेगी। उन्होंने परिवहन विभाग से किराया बढ़ोतरी के आदेश को तत्काल प्रभाव से वापस लेने की मांग की है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ