आनंदपुर। लंबे समय से क्षेत्र के मरीजों को इलाज के लिए लटेरी के शासकीय अस्पताल अथवा जिला अस्पताल जाना पड़ता था। अब प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र आनंदपुर में नियमित उपचार शुरू होने से स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिली है।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ डॉ. बी.के. चौकसे मरीजों की जांच कर उपचार कर रहे हैं। अस्पताल में सामान्य बीमारियों का इलाज, प्राथमिक उपचार और आवश्यक दवाइयां भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उपचार कराने आई कीर्ति कुशवाहा (निवासी जावती) ने बताया कि उन्हें कई दिनों से कमजोरी और चक्कर आने की शिकायत थी। अस्पताल में जांच के बाद उनका उपचार शुरू किया गया और आवश्यक दवाइयां दी गईं।वहीं राजपाल सिंह लोधी (निवासी सेमरा) मोटरसाइकिल की टक्कर में घायल हो गए थे। उनके दोनों पैरों में चोट आई थी, जिनका प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में मरहम-पट्टी कर उपचार किया गया तथा दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं।
वर्तमान में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉ. बी.के. चौकसे एवं नर्सिंग स्टाफ शिवानी पंचकर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। हालांकि अस्पताल में अतिरिक्त नर्सिंग स्टाफ की आवश्यकता बनी हुई है। इसके अलावा सफाई कर्मचारी का पद रिक्त होने के कारण अस्पताल परिसर की नियमित साफ-सफाई भी प्रभावित हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि आवश्यक स्टाफ एवं सफाई कर्मचारी की नियुक्ति कर दी जाए तो मरीजों को और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी तथा अस्पताल की व्यवस्थाएं भी अधिक सुचारु हो जाएंगी।




0 टिप्पणियाँ