लटेरी। तहसील मुख्यालय स्थित डाकघर में रजिस्टर्ड डाक बुकिंग को लेकर गंभीर अनियमितता सामने आई है। स्थानीय नागरिकों के अनुसार यहां सुबह 10:30 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक ही आर्टिकल रजिस्टर्ड डाक बुकिंग की जाती है, जबकि इसके बाद काउंटर बंद कर दिए जाते हैं। दूर-दराज गांवों से आने वाले लोगों को समय निकल जाने के कारण बिना काम कराए लौटना पड़ रहा है।
नागरिकों का आरोप है कि कई बार दोपहर 2:00 बजे के बाद संबंधित अधिकारी कार्यालय में भी मौजूद नहीं रहते और विभागीय कार्य के नाम पर बाहर चले जाते हैं। इससे जरूरी दस्तावेज भेजने वाले लोगों को अगले दिन फिर से आना पड़ता है।
इस संबंध में जब डाक उपनिरीक्षक अंकित जैन से जानकारी लेने की कोशिश की गई तो स्पष्ट जवाब नहीं मिला और गोलमोल जानकारी देकर मामला टाल दिया गया। वहीं एसपी टीएस भील से चर्चा करने पर उन्होंने बताया कि विभाग में सिटिजन पोर्टल के माध्यम से अलग-अलग सेवाओं की टाइमिंग निर्धारित है। यदि डाकघर में डिजिटल सिटिजन चार्टर प्रदर्शित नहीं किया गया है तो इस संबंध में संबंधित अधिकारी से बात कर कार्रवाई की जाएगी।
नियमों के अनुसार डाकघर में उपलब्ध सेवाओं की समय-सारणी सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित की जानी चाहिए और निर्धारित कार्यालय समय में सेवाएं उपलब्ध रहनी चाहिए। लेकिन लटेरी डाकघर में 2 बजे के बाद बुकिंग बंद करना और अधिकारियों का अनुपस्थित रहना व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।




0 टिप्पणियाँ