विवादित बयान पर IAS संतोष वर्मा की बढ़ीं मुश्किलें, भाजपा विधायक कोर्ट जाने की तैयारी में

विदिशा/भोपाल। ब्राह्मण समाज की बेटी को लेकर विवादित बयान देने वाले IAS संतोष वर्मा की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। बयान के खिलाफ जनाक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब सिरोंज से भाजपा विधायक उमाकांत शर्मा भी खुलकर वर्मा के खिलाफ मोर्चा खोल चुके हैं।

विधायक शर्मा ने कहा कि “बेटी किसी जाति विशेष की नहीं होती। पूरे समाज की सम्मान की प्रतीक है। महिलाओं को आदर देना हम सबका कर्तव्य है। वरिष्ठ पद पर बैठे अधिकारी का ऐसा बयान बेहद निंदनीय है।”

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि संतोष वर्मा जब वर्ष 2002-03 में सिरोंज एसडीएम के पद पर थे, तब उनके खिलाफ भ्रष्टाचार से जुड़ी कई शिकायतें दर्ज हुई थीं। भाजपा विधायक ने मांग की कि उन पुरानी फाइलों को भी फिर से खोला जाए और जांच की जाए।

शर्मा ने कहा कि समाज में वैमनस्य फैलाने वाले बयान देने वालों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि सरकार की ओर से उचित कार्रवाई नहीं होती, तो वे आम जनता की ओर से स्वयं न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे।

IAS संतोष वर्मा के बयान से जहां समाज में आक्रोश है, वहीं राजनीतिक स्तर पर भी विरोध तेज होता दिखाई दे रहा है। अब देखना होगा कि इस विवाद का अगला अध्याय क्या रूप लेता है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ