आनंदपुर। रविवार को पुलिस महानिरीक्षक (प्रशासन) रचिवर्धन मिश्र सद्गुरू नगर में आयोजित ध्यान एवं योग कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचीं। कार्यक्रम में उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन और पुलिस कर्मियों की कार्यक्षमता बढ़ाने में योग की भूमिका पर अपने विचार साझा किए। डीआईजी ने कहा कि आधुनिक समय में बढ़ते कार्यभार और चुनौतियों के बीच ध्यान एवं योग पुलिस कर्मियों को संतुलित और सशक्त बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
ध्यान–योग कार्यक्रम से लौटते समय डीआईजी मिश्र ने आनंदपुर थाने का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने थाने की गतिविधियों, कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली। थाने के स्टाफ की उपस्थिति, रिकॉर्ड संधारण, शिकायतों के निपटान की गति, सुरक्षा व्यवस्थाओं और परिसर की साफ-सफाई का भी जायज़ा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसडीओपी लटेरी अमरेश बोहरे, थाना प्रभारी आनंदपुर अनुज कुमार दांगी, थाना प्रभारी लटेरी जय कुमार सहित पूरा स्टाफ मौजूद रहा। डीआईजी ने अधिकारियों से लंबित प्रकरणों की प्रगति रिपोर्ट प्राप्त की और समयबद्ध तथा संवेदनशील पुलिस कार्रवाई पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने पुलिस कर्मियों को सलाह दी कि वे तनावमुक्त रहने और कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए नियमित रूप से योग और ध्यान का अभ्यास करें। साथ ही जनता के साथ संवाद, व्यवहार और भरोसा कायम रखने को भी अत्यंत आवश्यक बताया।
निरीक्षण के बाद डीआईजी मिश्र ने थाने के स्टाफ को बेहतर पुलिसिंग और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया। पुलिस कर्मियों ने भी डीआईजी द्वारा दी गई सलाह का स्वागत किया और ध्यान–योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का आश्वासन दिया।




0 टिप्पणियाँ