कलेक्टर ने की उपार्जन कार्यों की समीक्षा

विदिशा। कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने सोमवार को जिले में समर्थन मूल्य पर गेंहू उपार्जन के संपादित कार्यो की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि जिले में अब 190 केन्द्रों पर समर्थन मूल्य पर गेंहू उपार्जन कार्य किया जाएगा। गौरतलब हो कि गेंहू प्रति क्विंटल 2600 रूपए की दर से क्रय किया जा रहा है जिसमें मुख्यमंत्री जी द्वारा घोषित 175 रूपए की बोनस राशि भी शामिल है।
 
कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि प्रत्येक उपार्जन केन्द्र पर शासन द्वारा जारी दिशा निर्देशो का अक्षरशः क्रियान्वयन किया जाए। उन्होंने कहा कि बारिश को ध्यानगत रखते हुए उपार्जन केन्द्रो पर वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए ताकि उपार्जित गेंहू खराब ना हो सकें। 
 
कलेक्टर श्री सिंह ने बताया कि प्रत्येक उपार्जन केन्द्र पर नियुक्त सर्वेयर हरे रंग की टीशर्ट पहने होंगे ताकि उनके द्वारा गेंहू की क्वालिटी का परीक्षण कराया जा सकें। उन्होंने प्रत्येक केन्द्र पर वारदानो, स्टेनसील, सिलाई मशीन की उपलब्धता की भी जानकारी प्राप्त की है। इस दौरान जिला आपूर्ति अधिकारी के द्वारा बताया गया कि जिले के आठ उपार्जन केन्द्रो पर 65 किसानो से 443 मेट्रिक टन गेंहू खरीदी कार्य किया गया है। 
 
कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि उपार्जन केन्द्रों पर अनावश्यक रूप से गेंहू डम्प ना हो जिन किसानो से गेंहू क्रय किया गया है। उन सबका तुलाई कार्य उसी दिन पूरा कराया जाए ताकि दूसरे दिन किसी भी प्रकार से कार्य लंबित ना रहें। उन्होंने ऑन लाइन टोकन प्रणाली आवंटन प्रक्रिया के साथ-साथ प्रत्येक उपार्जन केन्द्र पर दो-दो इलेक्ट्राॅनिक तौल कांटो के सत्यापन का कार्य नापतौल निरीक्षको के द्वारा किया गया है कि नहीं इत्यादि की भी जानकारी प्राप्त की है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ