भोपाल । राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि मामले में गुजरात हाईकोर्ट के आये फैसले को लेकर मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कांग्रेस नेता को महात्मा गांधी से जोड़ दिया है । उन्होंने कहा कि बापू ने कहा था कि सत्य की रक्षा के लिए सब कुछ दांव पर लगाना है । राहुल गांधी भी सत्य की कठिन राह पर चल रहे हैं । चाहे जितने षड्यंत्र किए जाएं , अंत में जीत सत्य की ही होती है । गुजरात हाईकोर्ट ने शुक्रवार को राहुल गांधी की सजा को बरकरार रखा है । न्यायमूर्ति हेमंत प्रच्छक ने सजा पर रोक की मांग वाली याचिका को खारिज कर दिया । साथ ही कहा कि उनके खिलाफ कम से कम 10 आपराधिक मामले लंबित हैं । मौजूदा केस के बाद भी कुछ और केस दर्ज हुए हैं । एक मामला विनायक दामोदर सावरकर के पोते ने भी दायर किया है । राहुल गांधी ने 2019 लोकसभा चुनाव के दौरान कर्नाटक के कोलार में कहा था , ' कैसे सभी चोरों का उपनाम मोदी है ? ' इसी को लेकर भाजपा विधायक और गुजरात के पूर्व मंत्री पूर्णेश मोदी ने राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि का मामला दर्ज कराया था । इस पर निचली अदालत ने आपराधिक मानहानि मामले में उन्हें दोषी करार दिया गया था । दो साल की सजा भी सुनाई थी । इसके बाद उनकी संसद की सदस्यता भी चली गई थी । कमलनाथ ने इस मामले में प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ' मानहानि केस में राहुल गांधी के विषय में गुजरात हाईकोर्ट के फैसले के बाद मुझे महात्मा गांधी का कथन याद आता है । बापू ने कहा था कि सत्य का मतलब सत्य बोलना मात्र नहीं है । सत्य का अर्थ है , सत्य की रक्षा के लिए सब कुछ दांव पर लगा देना और बड़ी से बड़ी कुर्बानी देकर भी सत्य से विचलित नहीं होना । राहुल गांधी ने सत्य की ऐसी ही कठिन राह पकड़ी है । हम सब उनके साथ हैं । इतिहास गवाह है कि चाहे जितनी परेशानियां आएं , चाहे जितनी परीक्षाएं हों , चाहे जितने षड्यंत्र किए जाएं , लेकिन अंत में जीत सत्य की ही होती है ।




0 टिप्पणियाँ