कांग्रेस सरकार में नियुक्त वकील संभाल रहे वर्तमान सरकार की बागडोर 3 साल में विधिक सलाहकार नियुक्त नहीं कर पाई सरकार
भोपाल मध्य प्रदेश । जब जब सत्ता परिवर्तन हुआ है तब तक सरकारों ने अपने पक्ष के लोगों को ही पसंद किया है जब भी प्रदेश में सत्ता परिवर्तन होता है सरकार अपनी पक्ष और विचारधारा के लोगों की नियुक्ति शुरू कर देती है । खासकर वकीलों और विधिक सलाहकारों की नियुक्ति पहली प्राथमिकता होती है । लेकिन प्रदेश में भाजपा सरकार बने करीब तीन साल हो गए हैं , लेकिन सरकार की ओर से वकालत अभी भी कांग्रेस कार्यकाल में नियुक्त वकील कर रहे हैं । यही नहीं अपेक्स बैंक और मंडी बोर्ड जैसी संस्थाओं में विधिक सलाहकार नियुक्त नहीं हो पाए हैं । यही स्थिति प्रदेश में अधिकांश जिलों की है । गौरतलब है कि जब 2018 में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी थी तो एक साल के इंतजार के बाद मप्र शासन के विधि और विधायी कार्य विभाग ने राजधानी में पदस्थ सरकारी वकीलों की नई नियुक्ति आदेश जारी कर दिए थे । इस आदेश के बाद भाजपा शासनकाल में नियुक्त किए गए ज्यादातर सरकारी वकीलों को हटाकर उनके स्थान पर नए सरकारी वकीलों की नियुक्ति की गई थी । लेकिन अब प्रदेश में भाजपा की सरकार बने 3 साल हो गए हैं , लेकिन अभी तक कांग्रेस सरकार में नियुक्त वकील ही काम कर रहे हैं ।
1 साल के लिए हुई थी नियुक्त लेकिन निकाल दिए पूरे 3 साल
बता दें कि कांग्रेस सरकार में सरकारी वकीलों की नियुक्ति 1 जनवरी 2020 को एक साल के लिए की गई थी । समय सीमा खत्म हो गई । इसके बाद भी सरकार अपने पक्ष के वकीलों और अन्य नेताओं की निगम - मंडलों में नियुक्ति नहीं कर पाई है , जिससे उनमें नाराजगी पनप रही है । अपेक्स बैंक और मंडी बोर्ड जैसी संस्थाओं में विधिक • सलाहकार नियुक्त नहीं हो पाए हैं । यही स्थिति प्रदेश में अधिकांश जिलों की है । मुख्यमंत्री के गृह जिले सीहोर में 2018 के पहले तक अनिल पारे लोक अभियोजक थे , उन्हें कांग्रेस सरकार बनते ही हटा दिया गया था । उनकी जगह नई नियुक्ति शरद जोशी की हुई , जो अभी तक बने हुए हैं । इसी तरह आसिफ खान और शाहिना रईस अतिरिक्त लोक अभियोजक के पद पर काम कर रही हैं । यहां भाजपा समर्थित वकीलों की नियुक्ति नहीं हुई है । अधिकतर नियुक्ति के मामले विधि विभाग से संबंधित हैं । संगठन नेताओं की इस बारे में गृह और विधि मंत्री नरोत्तम मिश्रा से चर्चा हुई है । दूसरे नंबर पर सहकारिता विभाग में नियुक्तियां होना है । मंडी बोर्ड में तो विधिक सलाहकार की नियुक्ति को लेकर महाधिवक्ता प्रशांत सिंह ने भी सरकार को पत्र लिखा है । सहकारिता मंत्री अरविंद भदौरिया का कहना है कि कुछ पैनल आए थे जिनमें नियुक्तियां की गई है । अपेक्स बैंक ऑटोनोमस बॉडी है , वहां भी प्रस्ताव आने पर नियुक्ति की जाएगी ।





0 टिप्पणियाँ