निरीक्षण में रिकॉर्ड संधारण और दवाओं के क्रय-विक्रय में मिली अनियमितताएं, अन्य मेडिकल स्टोरों को भी जारी होंगे नोटिस
अशोकनगर।जिले में संचालित मेडिकल स्टोरों पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने निरीक्षण की कार्रवाई की। इस दौरान दो मेडिकल स्टोरों के रिकॉर्ड में अनियमितताएं पाए जाने पर उनके लाइसेंस पांच दिनों के लिए निलंबित कर दिए गए।
नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन भोपाल एवं कलेक्टर साकेत मालवीय के निर्देशन में औषधि निरीक्षक जितेंद्र शर्मा ने जिले के नौ मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण किया। इनमें वंश मेडिकल स्टोर, श्रद्धा मेडिकल स्टोर, सोलंकी मेडिकल स्टोर, आदर्श मेडिकल स्टोर, आशीर्वाद मेडिकल स्टोर, बालाजी मेडिकल एंड सर्जिकल, डीपी गुप्ता ब्रदर, नित्या फार्मा और न्यू चौधरी मेडिकल स्टोर शामिल हैं।
निरीक्षण के दौरान मेडिकल स्टोरों में लाइसेंस प्रदर्शन, दवाओं के क्रय-विक्रय, रिकॉर्ड संधारण, भंडारण व्यवस्था, बिलिंग और नशे में उपयोग होने वाली दवाओं के विक्रय संबंधी रिकॉर्ड की जांच की गई। साथ ही औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम 1940 के प्रावधानों के पालन की स्थिति भी देखी गई।
जांच में श्रद्धा मेडिकल स्टोर और सोलंकी मेडिकल स्टोर के अभिलेखों में अनियमितताएं सामने आईं। दोनों फर्मों को विभिन्न दवाओं के क्रय-विक्रय संबंधी दस्तावेज कार्यालय उपसंचालक खाद्य एवं औषधि प्रशासन जिला भिंड में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे। प्रस्तुत जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने पर औषधि अनुज्ञापन अधिकारी जिला अशोकनगर ने दोनों मेडिकल स्टोरों के लाइसेंस पांच दिनों के लिए निलंबित करने के आदेश जारी किए।
वहीं, निरीक्षण के दौरान अन्य मेडिकल स्टोरों में भी दवाओं के क्रय-विक्रय, रिकॉर्ड संधारण, भंडारण, बिलिंग और नशे में उपयोग होने वाली दवाओं के विक्रय रिकॉर्ड से संबंधित कमियां मिलने पर कारण बताओ नोटिस जारी किए जाएंगे। संबंधित संचालकों के जवाब और निरीक्षण में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विभाग के अनुसार दवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और जनस्वास्थ्य की सुरक्षा के उद्देश्य से मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण एवं नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।




0 टिप्पणियाँ