कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने सभी एसडीएम को दिए निर्देश, जिले की उचित मूल्य दुकानों से मांगी गई विस्तृत जानकारी
विदिशा। जिले की शासकीय उचित मूल्य दुकानों में सेल्समैन की नियुक्ति को लेकर प्रशासन ने जांच के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने लंबित आवेदनों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को पिछले पांच वर्षों का रिकॉर्ड खंगालने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सभी एसडीएम से कहा है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पता लगाएं कि बीते पांच सालों में कितनी उचित मूल्य दुकानों के सेल्समैन को किन कारणों से सेवा से पृथक किया गया है। इसके साथ ही यह भी जांच की जाएगी कि कार्रवाई के बाद हटाए गए किसी सेल्समैन को दोबारा किसी उचित मूल्य दुकान पर जिम्मेदारी तो नहीं सौंप दी गई है।
इसके लिए संबंधित दुकानों और विभागीय अभिलेखों का परीक्षण कर तथ्यात्मक जानकारी जुटाने को कहा गया है। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि पूर्व में सेवा से पृथक किए गए सेल्समैन की दोबारा नियुक्ति की स्थिति सामने आनी चाहिए। सभी एसडीएम को निर्धारित समय सीमा में जांच पूरी कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
अब जांच के बाद सामने आएगी स्थिति
प्रशासन की इस कवायद से जिले की उचित मूल्य दुकानों में सेल्समैन की नियुक्ति और पूर्व में की गई कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होगी। खासतौर पर यह पता चलेगा कि जिन सेल्समैन को किसी कारण से हटाया गया था, उन्हें बाद में दोबारा काम सौंपा गया या नहीं।




0 टिप्पणियाँ