लटेरी में सियासी बयानबाज़ी तेज: उमाकांत शर्मा ने लक्ष्मण सिंह को घेरा, पुराने जिला विवाद का किया जिक्र

लटेरी (विदिशा)। विदिशा जिले के लटेरी में मंगलवार को उस समय राजनीतिक माहौल गरमा गया, जब सिरोंज विधायक उमाकांत शर्मा ने चाचौड़ा के पूर्व विधायक लक्ष्मण सिंह पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि "लक्ष्मण सिंह को यहां की जमीन पर पैर रखने का कोई अधिकार नहीं है।"

विधायक उमाकांत शर्मा ने कहा कि कमलनाथ  सरकार के दौरान चाचौड़ा को जिला बनाने की प्रक्रिया में लटेरी क्षेत्र को उससे जोड़ने का प्रयास किया गया था। उनके मुताबिक, उस समय क्षेत्रवासियों ने इसका विरोध किया था और आज भी लटेरी की पहचान और हितों से कोई समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

उन्होंने लक्ष्मण सिंह पर निशाना साधते हुए कहा, "जो किसी का सगा नहीं, वह किसी का नहीं हो सकता।"

दरअसल, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सह के छोटे भाई एवं चाचौड़ा के पूर्व विधायक लक्ष्मण सिंह शोकाकुल परिवार से मुलाकात करने लटेरी पहुंचे थे। इसी दौरान उमाकांत शर्मा ने मीडिया के सामने यह बयान दिया।

उल्लेखनीय है कि लक्ष्मण सिंह, राघौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह के चाचा हैं। उमाकांत शर्मा के बयान के बाद क्षेत्र में राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, इस मामले में लक्ष्मण सिंह की ओर से फिलहाल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ