रीवा, 1 जुलाई। गंगेव जनपद के हिनौती शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर से गुजर रही बिजली की एलटी लाइन को हटाने का कार्य बुधवार को शुरू कर दिया गया। लंबे समय से विद्यालय परिसर में झूल रहे तारों और खंभों को लेकर शिक्षकों एवं स्थानीय लोगों द्वारा सुरक्षा संबंधी चिंता जताई जा रही थी। अब बिजली विभाग ने लाइन शिफ्टिंग की कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार विद्यालय परिसर में करीब 700 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। परिसर के बीच से गुजर रही बिजली लाइन के कारण विद्यार्थियों, शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर लगातार सवाल उठ रहे थे। विद्यालय प्रबंधन द्वारा भी पूर्व में कई बार संबंधित विभागों को पत्र लिखकर लाइन हटाने की मांग की गई थी।
मामले को सामाजिक कार्यकर्ता शिवानंद द्विवेदी ने प्रमुखता से उठाया। उन्होंने विद्यालय पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और बिजली विभाग के अधिकारियों को संभावित खतरे से अवगत कराया। इसके बाद कार्यपालन अभियंता आशीष बैन, सहायक यंत्री उमाशंकर द्विवेदी एवं संबंधित अधिकारियों के निर्देश पर ठेकेदार के माध्यम से लाइन शिफ्टिंग का कार्य प्रारंभ कराया गया।
बुधवार को विद्यालय परिसर में शिक्षकों की उपस्थिति में बिजली के तार और खंभों को परिसर से हटाकर बाउंड्री के बाहर स्थानांतरित करने का कार्य जारी रहा। इसके बाद विद्यालय को बाहरी लाइन से विद्युत आपूर्ति दी जाएगी। इससे विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए सुरक्षित वातावरण उपलब्ध होने की उम्मीद है।
सामाजिक कार्यकर्ता शिवानंद द्विवेदी ने कहा कि जिले और प्रदेश के कई स्कूलों में अब भी हाईटेंशन एवं एलटी लाइनें परिसर के भीतर से गुजर रही हैं। उन्होंने सरकार से ऐसे सभी विद्यालयों का सर्वे कराकर बिजली विभाग और स्कूल शिक्षा विभाग के समन्वय से चरणबद्ध तरीके से लाइन शिफ्टिंग कराने की मांग की है।
उन्होंने बताया कि पूर्व में करहिया, अतरैला, पताई सहित आसपास के कई विद्यालय परिसरों से भी बिजली लाइन हटाने की कार्रवाई जनसहयोग और पहल के बाद कराई जा चुकी है।




0 टिप्पणियाँ