विदिशा में एसबीआई गोल्ड लोन फर्जीवाड़े का आरोपी बैंककर्मी खुद को गोली मारकर घायल, भोपाल रेफर



विदिशा। करोड़ों रुपये के कथित एसबीआई गोल्ड लोन फर्जीवाड़े की जांच के बीच शनिवार को एक बैंककर्मी ने आत्महत्या का प्रयास कर लिया। जांच के दायरे में आए बैंककर्मी मनोज सोनी ने खामखेड़ा स्थित अपने फार्म हाउस पर कथित तौर पर छर्रे वाली बंदूक से खुद को गोली मार ली। गंभीर हालत में उन्हें पहले जिला अस्पताल और फिर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए भोपाल रेफर कर दिया गया।
डॉक्टरों के अनुसार छर्रे उनके शरीर के ऊपरी हिस्से में लगे हैं। 
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक एक छर्रा हृदय के समीप लगा है, जिससे उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि एसबीआई गोल्ड लोन फर्जीवाड़े की जांच के दौरान मनोज सोनी का नाम सामने आया था। दो दिन पहले ही जांच एजेंसी ने मामले की जांच के सिलसिले में उनके परिवार से जुड़े एमपी ज्वैलर्स प्रतिष्ठान पर कार्रवाई की थी। इसके बाद से वह जांच एजेंसियों के रडार पर थे।
पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आत्महत्या के प्रयास के पीछे के कारणों की पुष्टि नहीं हुई है। मामले में पुलिस और जांच एजेंसियां सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ