15 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म, गर्भवती होने पर खुलासा


सहेली के कैफे पर हुई थी पहचान, शादी का झांसा देकर कई बार बनाया संबंध

भोपाल। कोलार थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोपी पर शादी का झांसा देकर और बदनाम करने की धमकी देकर कई बार शारीरिक संबंध बनाने का आरोप है। किशोरी के गर्भवती होने के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, पीड़िता 10वीं कक्षा की छात्रा है। गर्मी की छुट्टियों में वह अपनी सहेली के कैफे पर जाया करती थी। वहीं उसकी पहचान शुभम नाम के युवक से हुई। दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और बाद में दोस्ती हो गई।

आरोप है कि 18 जनवरी को युवक घूमाने के बहाने किशोरी को अपने घर ले गया। वहां एक दिन तक उसे अपने पास रखा और उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद किशोरी ने उससे दूरी बनाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी लगातार संपर्क करता रहा।

कुछ समय बाद आरोपी ने शादी का झांसा देकर दोबारा शारीरिक संबंध बनाए। आरोप है कि उसने किशोरी को धमकी दी कि यदि उसने उसकी बात नहीं मानी तो वह परिवार और रिश्तेदारों के बीच बदनाम कर देगा। डर के कारण किशोरी किसी को घटना की जानकारी नहीं दे सकी।

हाल ही में किशोरी की तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। जांच में गर्भवती होने की जानकारी मिली। इसके बाद मां की पूछताछ में किशोरी ने पूरी घटना बताई। परिजन उसे लेकर कोलार थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ