मुरैना। “बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ” की बात तो सभी करते हैं, लेकिन जब गांव तक पहुंचने वाली सड़क ही कीचड़ में तब्दील हो जाए तो बेटी स्कूल कैसे जाएगी? मुरैना जिले की ग्राम पंचायत सिकारोड़ी से रामरतन का पुरा तक जाने वाली सड़क की बदहाली को लेकर एक छोटी बच्ची का बनाया वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
बारिश के बाद सड़क की हालत ऐसी हो गई है कि जगह-जगह कीचड़ और पानी जमा है। ग्रामीणों के लिए इस रास्ते से पैदल निकलना तक मुश्किल हो गया है। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को उठानी पड़ रही है।
कैमरे के सामने बच्ची ने पूछा सवाल
वायरल वीडियो में बच्ची की मासूम लेकिन बेबाक आवाज सुनाई देती है। वह सड़क पर खड़े होकर कहती है—
“ये रोड देख रहे हो न… ये खराब है। ठीक है न। मैं बता रही हूं, इस रोड को खुद ही संभाल लो। मुझसे नहीं संभाली जा रही। खुद ही संभालो। हमें आने-जाने में दिक्कत हो रही है। स्कूल नहीं जा रही हूं मैं।”
बच्ची आगे कहती है—
“आप लोग कहते हो बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ… लेकिन सड़क नहीं होगी तो बेटी स्कूल कैसे जाएगी?”
बच्ची की यह बात अब ग्रामीणों की परेशानी को सामने ला रही है।
बारिश में बढ़ जाती है परेशानी
ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दिनों में सड़क पर इतना कीचड़ हो जाता है कि बच्चों को स्कूल पहुंचने में परेशानी होती है। कई बार पैदल निकलने वाले लोग फिसलकर गिर जाते हैं। ग्रामीणों ने सड़क की स्थिति सुधारने और आवागमन सुचारु कराने की मांग की है।
बच्ची का यह वीडियो सवाल छोड़ रहा है कि जब गांव की सड़क ही चलने लायक नहीं होगी, तो बच्चों की पढ़ाई और रोजमर्रा का आवागमन कैसे सुचारु रहेगा?




0 टिप्पणियाँ