खबर का असर आनंदपुर/लटेरी। जनगणना ड्यूटी के दौरान हुए स्थानांतरण को लेकर 'दी शपथ न्यूज़' द्वारा रविवार को प्रमुखता से प्रकाशित समाचार का असर देखने को मिला है। समाचार प्रकाशित होने के बाद विकासखंड शिक्षा अधिकारी, लटेरी ने संबंधित प्राचार्य राजेश मीणा को कारण बताओ सूचना पत्र जारी कर तीन दिवस के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
जारी नोटिस में उल्लेख किया गया है कि लोक शिक्षण संचालनालय, भोपाल के स्थानांतरण आदेश क्रमांक SED/2026/VO/001845 के तहत उनका स्थानांतरण पीएम श्री उच्च माध्यमिक विद्यालय आनंदपुर से उच्च माध्यमिक विद्यालय मकसूदनगढ़ (जिला गुना) किया गया था। जबकि स्थानांतरण आदेश की कंडिका-06 में स्पष्ट रूप से जनगणना कार्य में लगे कर्मचारियों के स्थानांतरण पर रोक का प्रावधान है।
नोटिस में यह भी कहा गया है कि जनगणना ड्यूटी में लगे कर्मचारियों को विभाग द्वारा निर्धारित विकल्प के अनुसार जानकारी दर्ज करनी थी, लेकिन संबंधित शिक्षक द्वारा उपलब्ध विकल्प का उपयोग नहीं करने के कारण स्थानांतरण आवेदन की प्रक्रिया पूरी हुई। साथ ही, बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति के कार्यमुक्त होकर नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने को भी गंभीर माना गया है।
विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने तीन दिन के भीतर संतोषजनक जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। अन्यथा मध्यप्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 एवं अन्य प्रासंगिक नियमों के तहत एकपक्षीय विभागीय कार्रवाई और निलंबन की कार्यवाही प्रस्तावित किए जाने की चेतावनी दी गई है
'दी शपथ न्यूज़' आगे भी इस पूरे मामले की हर कार्रवाई और जांच की अपडेट अपने पाठकों तक पहुंचाता रहेगा।




0 टिप्पणियाँ