सड़क की मांग को लेकर ग्रामीणों ने जनपद सीईओ को सौंपा आवेदन, बोले- बारिश में गांव का संपर्क टूट जाता है



आनंदपुर। ग्राम पंचायत डोडखेड़ा के अंतर्गत आने वाले ग्राम कोलूखेड़ी के ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की मांग को लेकर जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ), पंचायत सचिव और सरपंच को आवेदन सौंपा है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव तक जाने वाला मार्ग अत्यंत जर्जर है, जिससे बारिश के मौसम में आवागमन लगभग ठप हो जाता है और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

ग्रामीणों ने बताया कि खराब सड़क के कारण बीमार लोगों को समय पर अस्पताल तक पहुंचाना मुश्किल हो जाता है। वहीं स्कूली बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित होती है, क्योंकि बारिश के दौरान वे स्कूल नहीं जा पाते। किसानों को भी खेतों तक पहुंचने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है और कई बार वाहन फंस जाते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है। इसी कारण ग्राम के एक दर्जन से अधिक लोगों ने हस्ताक्षरयुक्त आवेदन जनपद सीईओ को सौंपकर शीघ्र सड़क निर्माण कराने की मांग की है।

ग्राम निवासी माखन सिंह ने बताया कि बारिश के समय बीमार व्यक्ति को अस्पताल ले जाना बेहद कठिन हो जाता है, जिससे मरीज की जान तक जोखिम में पड़ सकती है। वहीं लाखन सिंह ने कहा कि खेतों तक जाने के लिए रास्ता पूरी तरह खराब हो जाता है, वाहन नहीं निकल पाते और दुर्घटना का खतरा लगातार बना रहता है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जनहित को देखते हुए ग्राम कोलूखेड़ी की सड़क का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को बारिश के मौसम में होने वाली परेशानियों से राहत मिल सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ