"सरकार आते ही कई अफसर 'संघ के' हो गए, लेकिन अच्छे लोगों की कमी चिंता का विषय" — कैलाश विजयवर्गीय


भोपाल,। प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद कई अधिकारी स्वयं को संघ का करीबी बताने लगे हैं, जबकि संघ में बढ़ती भीड़ के बीच अच्छे और समर्पित लोगों की कमी महसूस की जा रही है।
भोपाल में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विजयवर्गीय ने कहा कि पहले संघ में ऐसे लोग अधिक थे, जिनका जीवन संगठन और विचारधारा के प्रति समर्पित था। अब संगठन का विस्तार तो हुआ है, लेकिन उसी अनुपात में अच्छे और संस्कारवान कार्यकर्ताओं की संख्या नहीं बढ़ी है।

उन्होंने कहा, "अब जो भी अधिकारी मिलता है, वह कहता है कि मैं भी संघ का हूं। कोई कहता है कि मेरे पिताजी संघ जाते थे, तो कोई बताता है कि उसके पिता संघ में पदाधिकारी थे। सरकार बनने के बाद जैसे सभी अधिकारी खुद को संघ से जुड़ा बताने लगे हैं।"
मंत्री ने कहा कि संगठन का विस्तार और विचारधारा का प्रसार निश्चित रूप से सकारात्मक है, लेकिन यदि संगठन में अच्छे और चरित्रवान लोगों की कमी हो जाए तो विचारधारा का वास्तविक महत्व कम हो जाता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आत्ममंथन, चिंतन और मनन करने की आवश्यकता पर भी बल दिया।

विजयवर्गीय के इस बयान को राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इसमें उन्होंने एक ओर अधिकारियों के स्वयं को संघ से जोड़ने की प्रवृत्ति पर टिप्पणी की, वहीं दूसरी ओर संघ के भीतर गुणवत्ता और मूल्यों को लेकर भी चिंता व्यक्त की।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ