आनंदपुर। जावती रोड पर चल रहे पाइपलाइन निर्माण कार्य की वीडियो ग्राफी करना एक पत्रकार को भारी पड़ गया। वीडियो बनाते समय सरपंच के पुत्र ने पत्रकार पर गेंती से हमला कर दिया। हालांकि मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए हमलावर के हाथ से गेंती छुड़ा ली, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार ग्राम आनंदपुर के पत्रकार मनीष शर्मा पीएचई विभाग द्वारा डाली जा रही पाइपलाइन के कार्य की स्थिति जानने के लिए मौके पर वीडियो ग्राफी करने पहुंचे थे। इसी दौरान वहां मौजूद सरपंच पुत्र राधावल्लभ शर्मा ने उन्हें वीडियो बनाने से मना किया।
आरोप है कि पत्रकार के नहीं मानने पर राधावल्लभ शर्मा ने पहले उनका मोबाइल छीन लिया और गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद गुस्से में आकर उन्होंने गेंती से हमला करने की कोशिश की। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर गेंती छीन ली और स्थिति को संभाला।
पत्रकार मनीष शर्मा ने आरोप लगाया है कि घटना के दौरान उन्हें धमकाते हुए कहा गया कि उन्हें किसी भी झूठे मामले में फंसा दिया जाएगा और जान से मारने की धमकी दी है।
घटना के बाद पत्रकार ने इस मामले की लिखित शिकायत आनंदपुर थाने में दर्ज कराई है और आरोपित के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत की जानकारी पत्रकार संगठनों को भी दी गई है। वहीं राधावल्लभ शर्मा ने भी पत्रकार पर अड़ीबजी की लिखित शिकायत आनंदपुर थाने में की है
इस घटना को लेकर क्षेत्र के पत्रकारों में आक्रोश है। पत्रकार संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपित के खिलाफ जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो आगामी दिनों में आंदोलन किया जाएगा।




0 टिप्पणियाँ