कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने रोटावेटर चलाकर दिया 'नरवाई नहीं जलाएं' का संदेश

विदिशा। फसल अवशेष (नरवाई) जलाने से पर्यावरण और मृदा को होने वाले नुकसान को रोकने के उद्देश्य से विदिशा जिले में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने स्वयं खेत में रोटावेटर चलाकर किसानों को नरवाई न जलाने का संदेश दिया।

कलेक्टर श्री गुप्ता ने विदिशा तहसील के ग्राम वन में प्रगतिशील कृषक श्री सुजीत देवलिया के खेत में पहुंचकर गेहूं की कटाई के बाद खेत में खड़ी नरवाई का अवलोकन किया और किसानों से संवाद कर नरवाई नहीं जलाने का आग्रह किया। उन्होंने ट्रैक्टर में सवार होकर रोटावेटर के माध्यम से खेत की नरवाई को जैविक खाद में परिवर्तित करने की प्रक्रिया को स्वयं क्रियान्वित किया।

इस अवसर पर कृषि विभाग के अधिकारियों ने उपस्थित किसानों को बताया कि नरवाई जलाने से न केवल पर्यावरण प्रदूषित होता है, बल्कि भूमि की उर्वरता भी प्रभावित होती है। वहीं, रोटावेटर से नरवाई को मिट्टी में मिलाने से भूमि की गुणवत्ता में सुधार आता है और जैविक खाद के रूप में इसका लाभ फसलों को मिलता है।

जिले में नरवाई नहीं जलाने को लेकर शासकीय विभागों, किसानों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणजनों के समन्वय से ग्राम स्तर पर चौपालों, कार्यशालाओं और प्रचार-प्रसार गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है।

कलेक्टर श्री गुप्ता की इस पहल को ग्रामीणों और किसानों ने सराहा और नरवाई नहीं जलाने के संदेश को अपनाने का संकल्प लिया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ