भारत जोड़ो यात्रा : मप्र में एक लाख की भीड़ जुटाने में जुटी प्रदेश कांग्रेस

भारत जोड़ो यात्रा : मप्र में एक लाख की भीड़ जुटाने में जुटी प्रदेश कांग्रेस

संभागीय प्रभारी नियुक्त भारत जोड़ो यात्रा में भीड़ बढ़ाने के लिए प्रदेश कांग्रेस ने संभागीय प्रभारी भी नियुक्त कर दिए हैं । साथ ही जिलों के भी प्रभारी नियुक्त किए हैं । हर विधानसभा क्षेत्र से कार्यकर्ताओं को यात्रा में लाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है । मालवा - निमाड़ के जिलों से ज्यादा संख्या में कार्यकर्ताओं को लाया जाएगा ।

भोपाल |

कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा इसी महीने मप्र में प्रवेश करेगी । यात्रा ने कल महाराष्ट्र में प्रवेश किया है । इसके बाद 20 नवंबर को बुरहानपुर से मप्र में प्रवेश करेगी । यात्रा की तैयारियों को लेकर पूरी कांग्रेस जुट गई है । प्रदेश कांग्रेस की कोशिश है कि यात्रा के दौरान मप्र में एक लाख की भीड़ राहुल गांधी के साथ चले । प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ आज यात्रा की तैयारयों को लेकर इंदौर प्रवास पर हैं । वे वहां पार्टी नेता और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे । मप्र में भारत जोड़ो यात्रा का केंद्र इंदौर होगा । चूंकि यात्रा भोपाल न आकर मालवा निमाड़ के जिलों में ही आएगी । इस वजह से मप्र में यात्रा का संचालन इंदौर ही रहेगा । 


पीसीसी चीफ कमलनाथ आज पार्टी नेताओं , कार्यकर्ता एवं प्रभारियों से चर्चा करेंगे और उन्हें यात्रा की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी । प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले राहुल गांधी की यात्रा मप्र से होकर निकल रही है । इस यात्रा के जरिए मप्र कांग्रेस चुनावी बिसात बिछाने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी । पीसीसी चीफ कमलनाथ यात्रा को चुनाव में भुनाने की तैयारी में भी जुट गए हैं । यही वजह है कि पूर्व में निर्धारित यात्रा का शैडयूल बदला गया है । जिसमें महाकाल मंदिर , नर्मदा स्नान , अंबेडकर की जन्मस्थली महू का कार्यक्रम भी शामिल किया गया है । यात्रा से जुड़े पदाधिकारियों ने बताया कि किसानों से जुड़ा कार्यक्रम भी होगा । जिसमें राहुल गांधी के साथ हजारों की संख्या में किसान यात्रा में चलेंगे ।



यात्रा के बहाने राहुल पर हमले की तैयारी में भाजपा भारत जोड़ो यात्रा के मप्र में प्रवेश करने से पहले ही भाजपा ने राहुल गांधी पर हमले तेज कर दिए हैं । यात्रा के प्रवास के दौरान भाजपा पूरे समय राहुल पर हमलावर रहेगी । जिसमें भाजपा की तरफ से राहुल गांधी के पुराने बयानों को लेकर भी सवाल उठाने की तैयारी है । संभव है कि इसको यात्रा पर मार्गों पर होर्डिंग्स भी लगाए जा सकते हैं । राहुल गांधी की यात्रा को लेकर राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजय वर्गीय से लेकर सीएम शिवराज सिंह चौहान , गृहमंत्री डॉ . नरोत्तम मिश्रा , चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा हमले कर चुके हैं । भाजपा के प्रदेश संवाद प्रमुख लोकेन्द्र पारासर भी भारत जोड़ो यात्रा पर सवाल उठा चुके हैं । गृहमंत्री डॉ . नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि इस यात्रा का पहले दिन से ही कोई ध्येय नहीं था । कांग्रेस को खेद पत्र जारी करना चाहिए । राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा फिटनेस यात्रा में तब्दील हो गई है । भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि राहुल जी को कोई सीरियसली नहीं लेता है । हां उनकी यात्रा में लोग जाते जरूर हैं , क्योंकि कभी क्रिकेट खेलते हैं , कभी दौड़ लगाते हैं । मंत्री विश्वास सारंग ने पांच दिन पहले कहा- जब चुनाव आता हैं , तब कांग्रेस को हिंदुत्व और हिन्दू देवी देवता याद आते हैं । भगवा आतंकवाद जैसे शब्द देश दुनिया में कांग्रेस ने प्रचलित किया है ।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ