लटेरी | आनंदपुर। लटेरी विकासखंड के आनंदपुर जनशिक्षा केंद्र के जावती क्षेत्र अंतर्गत सुनखेर संकुल केंद्र की प्राथमिक शाला करीलपुर बंद मिलने से सरकारी शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्कूल परिसर में ताला लटका मिला, जबकि अध्ययन-अध्यापन पूरी तरह ठप रहा।

ग्रामीणों ने बताया कि स्कूल में पदस्थ शिक्षक नियमित रूप से विद्यालय नहीं आते। उनका आरोप है कि कई बार केवल औपचारिक उपस्थिति दर्ज कर विद्यालय छोड़ दिया जाता है, जिससे बच्चों की पढ़ाई लगातार प्रभावित हो रही है। शिक्षा की बिगड़ती स्थिति के कारण अधिकांश अभिभावक अपने बच्चों का दाखिला निजी स्कूलों में कराने को मजबूर हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि विद्यालयों का नियमित निरीक्षण, शिक्षकों की उपस्थिति की प्रभावी निगरानी और जवाबदेही तय की जाए तो सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधर सकती है। उनका आरोप है कि समय-समय पर निरीक्षण नहीं होने से लापरवाही बढ़ती जा रही है।

मामले की जानकारी मिलने पर शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि विद्यालय बंद मिलने की जांच कराई जाएगी। यदि जांच में लापरवाही की पुष्टि होती है तो संबंधित शिक्षक के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी कर नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने यह भी कहा कि सरकारी विद्यालयों में विद्यार्थियों की शिक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।