मुख्यमंत्री शिवराज सिंह स्वयं घटनास्थल पर देर रात को पहुंच गए और हालात का जायजा लिया है। साथ ही उन्होंने संजय गांधी अस्पताल जाकर घायलों का हालचाल जाना। उनके साथ राज्यमंत्री रामखेलावन पटेल, पूर्व मंत्री राजेंद्र शुक्ला और रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा स्थानीय कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
सड़क हादसे को लेकर सीएम शिवराज सिंह ने परिजनों को 10-10 लाख रुपये, गंभीर घायलों को 2-2 लाख रुपये और साधारण घायलों को 1-1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। साथ ही मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि मृतकों के परिजनों में से अगर कोई सरकारी नौकरी लायक होगा उसे उसकी योग्यता के मुताबिक नौकरी दी जाएगी।
वहीं हादसे पर राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने दुख प्रकट करते हुए मृतकों के परिजनों को 50 लाख रुपये और घायलों को 5 लाख रुपये देने की मांग की है।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह सीधी हादसे पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा सीधी (म.प्र) में हुआ सड़क हादसा अत्यंत दुःखद है। इस हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूँ। ईश्वर उन्हें यह दुःख सहने की शक्ति दें। प्रशासन द्वारा घायलों को उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।
मध्य प्रदेश के राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने भी हादसे पर दुख व्यक्त किया है। इन्होंने ट्वीट कर कहा सीधी जिले में बस दुर्घटना का समाचार दुःखद है। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति, शोकाकुल परिजनों को यह गहन दुख सहने की शक्ति तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना है।
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भी हादसे पर दुख व्यक्त किया है। इन्होंने ट्वीट कर कहा सीधी में हुई सड़क दुर्घटना में 6 लोगों की मृत्यु और 50 से अधिक लोगों के घायल होने का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान प्रदान करे। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना है।
ये हादसा शुक्रवार रात करीब सवा 9 बजे तीन बसें मोहनिया टनल के पास पहुंचीं और उन्हें तेजी से आते ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर की वजह से दो बसें खाई में गिर गईं और एक बस वहीं सड़क पर पलट गई। बताया जा रहा है कि रफ्तार में आते ट्रक का पहिया फट गया, जिसकी वजह से वह अनियंत्रित होकर बसों से टकरा गया। ये तीनों बसें सतना में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कार्यक्रम से वापस आ रही थीं।




0 टिप्पणियाँ