योजनाएं बनाना सरल , लेकिन हितग्राहियों तक पहुंचाना कठिन: सीएम

 
योजनाएं बनाना सरल , लेकिन हितग्राहियों तक पहुंचाना कठिन: सीएम
सुशासन समागम कार्यक्रम में सीएम शिवराज बोले योजनाएं बनाना सरल , लेकिन हितग्राहियों तक पहुंचाना कठिन सीएम


भोपाल , मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को रविंद्र भवन में सुशासन समागम कार्यक्रम को संबोधित किया । इस अवसर पर सीएम ने कहा , लोकतंत्र जनता का ,जनता द्वारा और जनता के लिए शासन है । हमारा तंत्र काफी बड़ा है , योजनाएं बनाना सरल है , लेकिन योजनाओं को पात्र लोगों तक पहुंचाने का कार्य विभिन्न कठिनाइयों से भरा है । इसमें कुछ लोगों द्वारा कोताही के कारण और लाभ उठाने की भावना से अनेक योजनाएं जमीन पर नहीं उतर पातीं । शासकीय तंत्र के अलावा युवा ऊर्जा का उपयोग कर योजनाओं के क्रियान्वयन को आसान बनाया जा सकता है ।



निराश न हों , लक्ष्य तय करें और परिश्रम करें मुख्यमंत्री ने युवाओं को बताया , असफलता से निराश कभी नहीं होना । आप लक्ष्य तय कर कार्य करें , रोड मेप बनाएं । परिश्रम में कोई कमी न छोड़े , कर्म योग को वैज्ञानिक माना गया है । मैं यदि लगातार कार्य करता हूं तो इसके पीछे प्रबल इच्छा शक्ति शामिल होती है । इससे कार्य क्षमता बढ़ जाती है ।


मुख्यमंत्री ने स्वामी विवेकानंद की बातों को दोहराते हुए कहा , मनुष्य ईश्वर का अंश है और उसके लिए कोई भी कार्य असंभव नहीं है । मुख्यमंत्री ने गीता के श्लोक का भी उल्लेख किया , जिसमें गुटबाजी से दूर रहकर , अहंकार से मुक्त होकर , धैर्य पूर्वक उत्साह से कार्य करने की शिक्षा सफलता के लिए जरूरी मानी गई है । उन्होंने कहा कि युवाओं को हताश होने की आवश्यकता नहीं है , मनुष्य चाहे तो ब्रह्मांड पर भी कमांड कर सकता है । युवा शासन के आंख और कान मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके मन में यह विचार आया है कि युवाओं के सहयोग से योजनाओं की जानकारी प्राप्त की जाए । युवा इस व्यवस्था के शासन के आंख और कान बन रहे हैं । युवाओं द्वारा दी गई जानकारियों के आधार पर जिलों में बैठकें हुई हैं । सही व्यक्ति तक बिना कठिनाई के और बिना विलंब के योजनाओं का लाभ मिल जाए , यही सुशासन है । मुख्यमंत्री ने कहा , युवाओं के लिए भी अनेक योजनाएं बनाई गई हैं । व्यवहारिक जीवन में जनता के कष्ट देखकर अनेक योजनाएं बनाई गई । लाड़ली लक्ष्मी योजना इसका प्रत्यक्ष उदाहरण है । मुख्यमंत्री ने लाड़ली लक्ष्मी योजना प्रारंभ होने की प्रेरणा से लेकर उसके क्रियान्वयन और नए स्वरूप के बारे में विस्तार से बताया । युवाओं की जिज्ञासाओं का समाधान किया : सीएम ने कहा , यंग प्रोफेशनल्स फॉर डेवलपमेंट प्रोग्राम लोकतांत्रिक व्यवस्था में की गई महत्वपूर्ण पहल है । मध्यप्रदेश में युवाओं के सहयोग से सुशासन को जमीन पर लाने का कार्य किया जाएगा ।


13 जनवरी को नई युवा नीति आएगी : मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के विचारों को शामिल करते हुए नई युवा नीति को अंतिम रूप दिया जाएगा । आगामी 13 जनवरी को यह नीति सामने आएगी । इसके पूर्व विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में संगोष्ठी से युवा नीति पर विचार - विमर्श की प्रक्रिया पूरी की जाएगी । मुख्यमंत्री ने आग्रह किया कि इस नीति के निर्माण में अधिकाधिक युवा हिस्सा लें युवाओं से संबंधित प्रावधानों को युवा नीति में शामिल कर क्रियान्वित किया जाएगा ।





एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ