गुना । चांचौड़ा थानाक्षेत्र में 15 साल की नाबालिग छात्रा बीते दिनों स्कूल से घर लौट रही थी , तभी बदमाशों ने उसका चारपहिया वाहन से अपहरण कर सामूहिक दुष्कृत्य किया । इस घटना में नाबालिग छात्रा को गंभीर चोटें आई हैं । वहीं , शनिवार की सुबह घटना के विरोध में क्षेत्रीय कांग्रेस विधायक और भाजपा की पूर्व विधायक सहित स्थानीय लोगों ने धरना - प्रदर्शन करते हुए चक्काजाम कर दिया । इस दौरान सभी ने एकसुर में आरोपियों को फांसी देने और गैंगरेप करने वालों के घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग की । भाजपा और कांग्रेस ने मिलकर किया चक्काजाम • पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गैंगरेप की घटना को अंजाम देने वाले पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है । दो आरोपी अभी भी फरार हैं । पकड़े गए आरोपियों में रामजीवन मीना ( 22 ) , मोहित मीना ( 21 ) , संजू माली ( 28 ) और दो नाबालिग शामिल हैं । नगर परिषद सीएमओ ने आरोपियों के घरों पर नोटिस भी चस्पा कर दिए हैं तो कलेक्टर , अपर कलेक्टर , अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल चांचौड़ा में मौजूद रहा । चांचौड़ा - बीनागंज क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह स्कूल से लौटते समय नाबालिग छात्रा के अपहरण और बंद कमरे में बदहवास हालत में मिलने की घटना के बाद महिलाओं ने शनिवार को एसडीएम ऑफिस का घेराव कर गैंगरेप करने वाले लोगों का शहर में जुलूस निकालने की मांग की । साथ ही बदमाशों के घर बुलडोजर से ढहाने की बात कही । हालांकि , एसडीएम ने महिलाओं को आश्वासन दिया कि आरोपियों के घर 24 घंटे के भीतर गिरा दिए जाएंगे ।





0 टिप्पणियाँ