हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा पर चंदा वसूली का आरोप पत्र हुआ सोशल मीडिया पर वायरल

भोपाल/ राजधानी भोपाल के कोलार में शनिवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सिक्स लेन सड़क का भूमिपूजन करेंगे। इससे पहले विधायक रामेश्वर शर्मा के खिलाफ एक पत्र सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें एक व्यापारी ने खुद को स्वयं सेवक बताते हुए विधायक पर होर्डिंग के लिए जबरन चंदा वसूली के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। इसकी शिकायत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत समेत बीजेपी और संघ के पदाधिकारियों को की गई है। पत्र के नीचे हस्ताक्षर है, लेकिन नाम किसी का नहीं लिखा है। 

पत्र में आरोप लगाया है कि यह सड़क कोलार वासियों के लिए सुविधा की जगह प्रताड़ना का सबक बन गई है। इसका कारण विधायक रामेश्वर शर्मा द्वारा मुख्य मार्ग के व्यापारियों, व्यवसायिक प्रतिष्ठानों यहां तक की शैक्षणिक संस्थानों से भी जबरन चंदा एवं चौथ वसूली करने को बताया है।

पत्र में मुख्यमंत्री को संबोधित करते हुए लिखा है कि विधायक रामेश्वर शर्मा अपना चेहरा और राजनीति चमकाने के लिए आपके फोटो का इस्तेमाल कर हर गली मोहल्ले में बैनर, पोस्टर, होर्डिंग आदि लगाने तथा अखबारों में विज्ञापन देने के लिए व्यापारियों से लाखों रुपये जबरन वसूल चुके हैं।

हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा पर चंदा वसूली का आरोप  पत्र हुआ सोशल मीडिया पर वायरल


व्यापारी ने अपना नाम लिखे बिना पत्र में कहा कि मैंने आजीवन एक स्वयंसेवक के नाते संघ से जुड़कर अपना पूरा जीवन संघ के माध्यम से समाज एवं राष्ट्र निर्माण के लिए होम कर दिया। इसके बावजूद रामेश्वर शर्मा ने ना केवल मुझसे बदसलूकी की बल्कि उन्होंने 29 तारीख के भूमिपूजन कार्यक्रम के बैनर-पोस्टर आदि के लिए सहयोग के नाम पर जबरन चंदा देने का दबाव बना रहे हैं।


उन्होंने मुख्यमंत्री से सवाल किया है कि विधायक द्वारा होर्डिंग लगाने की जा रही वसूली आपकी सहमति से की जा रही है। उन्होंने सवाल किया कि रामेश्वर शर्मा के इस प्रकार के कृत्य से हमारी और उन भ्रष्टाचारियों की पार्टी में क्या अंतर रह जाएगा, जिसके खिलाफ हमने वैचारिक लड़ाई लड़ी हैं। पत्र में लिखा कि नगर निगम और पंचायत चुनाव में भी लाखों रुपए का चंदा वसूल की थी।

पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि  विधायक ने सामाजिक एवं धार्मिक कार्यों की आड़ में एक ‘कर्म श्री’ संस्था बना रखी है। जिसे पत्र में फर्जी बताया। साथ ही लिखा कि इसके माध्यम से कभी धार्मिक यात्रा तो कभी कवि सम्मेलन के नाम पर विधायक वसूली करते रहते हैं।

वहीं, इस मामले में विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि यदि किसी को मुझसे कोई शिकायत है तो वह किसी भी फोरम में जा सकता है। अभी वह सीएम के कार्यक्रम की तैयारी में जुटे हैं। इस प्रकार तो कोई भी किसी के लिए कुछ भी लिख देगा। 

 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ