लटेरी में गौवंश की सुरक्षा को लेकर विहिप-बजरंग दल ने सौंपा ज्ञापन,

आरी गांव के पास हादसे में 15 गौवंश की मौत का हवाला, सड़कों से गौवंश हटाने और गौशालाओं के निरीक्षण की मांग

लटेरी। तहसील क्षेत्र में मुख्य सड़कों पर बैठे और विचरण करने वाले गौवंश के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं गौवंश की सुरक्षा को लेकर विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, लटेरी को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में हाल ही में लटेरी के आरी गांव के पास हुई सड़क दुर्घटना का उल्लेख करते हुए कहा गया कि हादसे में करीब 22 गौवंश दुर्घटना की चपेट में आए, जिनमें 15 की मौत हो गई। संगठन ने इस घटना को चिंताजनक बताते हुए भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रशासन से प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

मुख्य मार्गों से गौवंश को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की मांग

विहिप-बजरंग दल ने मांग की है कि लटेरी नगर सहित मुख्य मार्गों पर विशेष अभियान चलाकर सड़क पर बैठे एवं विचरण कर रहे गौवंश को सुरक्षित स्थान या गौशालाओं में पहुंचाया जाए। साथ ही चौराहों और दुर्घटना संभावित स्थानों पर नियमित निगरानी की व्यवस्था करने की मांग की गई है।

रविवार बाजार के दिन पशु छोड़ने पर रोक की मांग

ज्ञापन में ग्रामीण क्षेत्रों से बिना दूध देने वाली गायों एवं सांडों को रविवार बाजार के दिन लटेरी नगर अथवा मुख्य सड़कों के आसपास छोड़ने की प्रवृत्ति पर रोक लगाने की मांग की गई है। संगठन ने ग्राम पंचायतों को आवश्यक निर्देश जारी करने तथा जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग रखी।

गौशालाओं का औचक निरीक्षण कराने की मांग

संगठन ने तहसील क्षेत्र में संचालित गौशालाओं का औचक निरीक्षण कराने की मांग भी की है। ज्ञापन में गौशालाओं में दर्ज गौवंश और मौके पर मौजूद गौवंश की संख्या का भौतिक सत्यापन, चारा-पानी, साफ-सफाई, चिकित्सा सुविधा, सुरक्षा और रख-रखाव की स्थिति की जांच कराने की बात कही गई है।

ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि निरीक्षण के दौरान किसी प्रकार की अनियमितता सामने आने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

गौ तस्करी पर निगरानी की भी मांग

विहिप-बजरंग दल ने क्षेत्र में गौ तस्करी एवं गौवंश के अवैध परिवहन पर प्रशासन और पुलिस द्वारा विशेष निगरानी रखने की मांग की है। संगठन ने संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर तत्काल जांच कर नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की मांग की।

प्रशासनिक समन्वय से व्यवस्था बनाने की मांग

ज्ञापन में नगर पालिका, ग्राम पंचायत, पुलिस, पशुपालन विभाग और संबंधित अधिकारियों के बीच समन्वय बनाकर गौवंश की सुरक्षा एवं सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए नियमित व्यवस्था बनाने की मांग की गई है।

संगठन ने कहा कि गौवंश की सुरक्षा के साथ वाहन चालकों और आम नागरिकों की सुरक्षा भी महत्वपूर्ण है। यदि मुख्य सड़कों पर गौवंश के बैठने और विचरण करने पर प्रभावी रोक लगाई जाए तथा उन्हें सुरक्षित स्थान उपलब्ध कराया जाए तो दुर्घटनाओं को कम किया जा सकता है। विहिप-बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के साथ समन्वय कर गौसेवा एवं गौ सुरक्षा के कार्यों में सहयोग देने की बात कही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ