विदिशा | नटेरन थाना क्षेत्र के ग्राम बेलानारा निवासी एक युवक ने बंधक बनाकर मारपीट करने, आंखों पर पट्टी बांधने और बाद में उसी के खिलाफ झूठा मामला दर्ज करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर निष्पक्ष जांच और सुरक्षा की मांग की है।
पीड़ित हिम्मत सिंह रघुवंशी का आरोप है कि घटना घटवाई माता चबूतरा-बेलानारा रोड के पास हुई। यहां पहले से मौजूद ज्ञानसिंह लोधी सहित अन्य लोगों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि गाली-गलौज के बाद उसके साथ मारपीट की गई। कुछ ही देर में अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए और सभी ने मिलकर हमला कर दिया।
शिकायत में कहा गया है कि इस दौरान पुलिस भी मौके पर पहुंची थी, लेकिन हस्तक्षेप नहीं किया। आरोप है कि हमलावर उसे जबरन एक चार पहिया वाहन में बैठाकर ज्ञानसिंह के खेत स्थित मकान पर ले गए, जहां आंखों पर पट्टी बांधकर बेरहमी से मारपीट की गई। पीड़ित का यह भी आरोप है कि मारपीट का वीडियो बनाया गया और दबाव बनाकर उससे झूठे आरोप कबूल कराने की कोशिश की गई।
पीड़ित के अनुसार गंभीर चोट लगने के बाद उसे नटेरन थाने ले जाया गया, जहां उसके खिलाफ ही प्रकरण दर्ज कराने का प्रयास किया गया। बाद में पुलिस उसे उपचार के लिए नटेरन अस्पताल लेकर गई, जहां से प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल विदिशा रेफर कर दिया गया।
हिम्मत सिंह का आरोप है कि उसने घटना की शिकायत थाने में भी की, लेकिन उसकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं की गई और उल्टा उसी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया। उनका कहना है कि आरोपी पक्ष से उन्हें जान का खतरा है और डर के कारण वे घर एवं खेत तक नहीं जा पा रहे हैं।
पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर मामले की निष्पक्ष जांच, आरोपियों के खिलाफ अपहरण, बंधक बनाने, मारपीट और धमकी सहित अन्य धाराओं में कार्रवाई तथा सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। शिकायत के अनुसार पुलिस अधीक्षक ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।




0 टिप्पणियाँ