Datia By Election Result 2026: दतिया में कांग्रेस की बड़ी जीत, घनश्याम सिंह ने 6,056 वोटों से भाजपा के आशुतोष तिवारी को हराया
दतिया: मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव का परिणाम कांग्रेस के पक्ष में रहा। 15 राउंड की मतगणना पूरी होने के बाद कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने भाजपा के आशुतोष तिवारी को 6,056 वोटों से शिकस्त दी। मतगणना के शुरुआती दौर में भाजपा ने बढ़त बनाई थी, लेकिन तीसरे राउंड के बाद कांग्रेस ने बढ़त हासिल की और अधिकांश राउंड में इसे मजबूत करती गई।
दतिया के शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में सोमवार सुबह कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना शुरू हुई। कुल 15 राउंड में वोटों की गिनती हुई। मतगणना के लिए 20 टेबल लगाए गए थे और करीब 350 अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। सबसे पहले डाक मतपत्रों की गिनती हुई, जिसके बाद ईवीएम के वोटों की गणना शुरू हुई।
शुरुआती रुझान में भाजपा आगे, तीसरे राउंड से बदला मुकाबला
पहले राउंड में भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने 1,100 से अधिक वोटों की बढ़त बनाई। दूसरे राउंड के बाद भी भाजपा करीब 875 वोट से आगे थी। हालांकि तीसरे राउंड में तस्वीर बदल गई। कांग्रेस के घनश्याम सिंह ने 12,432 वोट हासिल कर भाजपा के 12,399 वोटों के मुकाबले 33 वोट की मामूली बढ़त बनाई।
इसके बाद कांग्रेस की बढ़त लगातार बढ़ती गई। चौथे राउंड में घनश्याम सिंह 783 वोट आगे थे, जबकि पांचवें राउंड तक यह अंतर 258 वोट रहा। छठे राउंड में कांग्रेस की बढ़त 1,786 वोट और सातवें राउंड में 3,100 से अधिक हो गई।
आठवें राउंड में घनश्याम सिंह की बढ़त 6,583 वोट तक पहुंच गई। नौवें राउंड के बाद कांग्रेस प्रत्याशी 8,420 वोट से आगे थे। दसवें राउंड में घनश्याम सिंह को 50,307 वोट, जबकि आशुतोष तिवारी को 39,396 वोट मिले। इस चरण में कांग्रेस की बढ़त 10,911 वोट हो गई।
11वें राउंड में कांग्रेस की बढ़त 12,221 और 12वें राउंड में 12,607 वोट तक पहुंची। 13वें राउंड के बाद भी घनश्याम सिंह 11,054 वोट से आगे थे। अंतिम राउंड की गिनती पूरी होने के बाद कांग्रेस ने 6,056 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की।
30 जुलाई को हुआ था मतदान
दतिया विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को मतदान कराया गया था। चुनाव में 71.44 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। मुकाबले में कांग्रेस के घनश्याम सिंह और भाजपा के आशुतोष तिवारी के अलावा आजाद समाज पार्टी के दामोदर सिंह यादव समेत कुल 22 उम्मीदवार मैदान में थे।
राजेंद्र भारती की सदस्यता समाप्त होने के बाद हुआ उपचुनाव
दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव की नौबत कांग्रेस के पूर्व विधायक राजेंद्र भारती की सदस्यता समाप्त होने के बाद आई। उन्हें दिल्ली की एक अदालत से धोखाधड़ी के मामले में तीन साल की सजा सुनाए जाने के बाद विधानसभा की सदस्यता गंवानी पड़ी थी।
2023 के विधानसभा चुनाव में राजेंद्र भारती ने तत्कालीन गृह मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता नरोत्तम मिश्रा को 7,700 से अधिक वोटों से हराया था। इस बार भाजपा ने नरोत्तम मिश्रा को उम्मीदवार नहीं बनाया और आशुतोष तिवारी पर भरोसा जताया।
जीत को कांग्रेस ने 2028 के लिए बताया बड़ा संकेत
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने घनश्याम सिंह की जीत को दतिया की जनता की जीत बताया। उन्होंने इसे वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के अभियान की शुरुआत और पार्टी नेताओं-कार्यकर्ताओं के सामूहिक प्रयास का परिणाम बताया।
जीत से पहले घनश्याम सिंह ने भी अपनी बढ़त को लेकर भरोसा जताया था। उनका कहना था कि शुरुआती राउंड के बाद ही उन्हें लगातार बढ़त मिलने का अंदाजा हो गया था और उन्होंने 12 से 15 हजार वोटों से जीत का अनुमान जताया था।
भाजपा ने जताया था जीत का भरोसा
मतगणना शुरू होने से पहले भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने कहा था कि उन्हें जनता का पूरा आशीर्वाद मिला है और चुनाव विकास के मुद्दे पर लड़ा गया है। भाजपा के दतिया जिला अध्यक्ष रघुवीर शरण कुशवाहा ने भी परिणाम भाजपा के पक्ष में आने का दावा किया था।
वहीं, उपचुनाव परिणाम से पहले कांग्रेस ने पूर्व विधायक राजेंद्र भारती को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया था। भारती ने कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे गलत बताया और 2028 के विधानसभा चुनाव में जनता के बीच अपनी ताकत दिखाने की बात कही थी।




0 टिप्पणियाँ