5 साल बाद इंदौर से मिली नाबालिग, विदिशा पुलिस की बड़ी कार्रवाई; 2 आरोपी गिरफ्तार


आनंदपुर/विदिशा । जिले के आनंदपुर थाना क्षेत्र से वर्ष 2021 में लापता हुई 16 वर्षीय नाबालिग बालिका को पुलिस ने 5 साल बाद इंदौर से सकुशल बरामद कर लिया। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार, 9 नवंबर 2021 को परिजन ने बेटी के गुम होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस पर पुलिस ने अपहरण का केस दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने मध्यप्रदेश सहित अन्य राज्यों में तलाश की और सोशल मीडिया व साइबर सेल की मदद से सुराग जुटाए।

बालिका के मिलने के बाद उसके बयान के आधार पर मामले में दुष्कर्म, अपहरण, धमकी सहित पॉक्सो एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गईं। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर इंदौर में लोकेशन ट्रेस कर बालिका को दस्तयाब किया।
इस कार्रवाई में राधेश्याम (43) निवासी गंजबासौदा हाल इंदौर और पहलवान सिंह (60) निवासी विदिशा को गिरफ्तार किया गया। दोनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

थाना प्रभारी अनुज प्रताप सिंह के नेतृत्व में टीम ने लगातार प्रयास कर यह सफलता हासिल की।
वहीं, “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत विदिशा पुलिस ने वर्ष 2025-26 में अब तक 411 से अधिक गुमशुदा बच्चों को परिजनों से मिलवाया है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि गुमशुदगी की सूचना तुरंत 112 या नजदीकी थाने में दें।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ