आनंदपुर। लटेरी एसडीएम नितिन जैन ने मंगलवार सुबह करीब 6:07 बजे आनंदपुर कृषि उप मंडी में गल्ला व्यापारियों पर अचानक छापामार कार्रवाई कर मंडी कर चोरी का बड़ा मामला उजागर किया। कार्रवाई के दौरान कर चोरी कर गुना की ओर जा रही एक लोडिंग गाड़ी टीम को देखकर भाग निकली। अधिकारियों ने पीछा किया तो चालक ने घबराकर पास के ग्राम सिराजनगर की ओर गाड़ी मोड़ दी। आगे सड़क खराब होने के कारण मेटाडोर वाहन की रफ्तार धीमी हो गई, जिस पर चालक गाड़ी खड़ी कर मौके से फरार हो गया। बाद में वाहन को आनंदपुर थाने के सुपुर्द कर थाने में खड़ा कराया गया।
कार्रवाई यहीं नहीं रुकी। एसडीएम और कृषि विभाग की टीम ने आनंदपुर से एक-एक कर कुल 5 गाड़ियां पकड़ीं, जो बिना मंडी टैक्स चुकाए धनिया और सरसों लेकर गुना भेजी जा रही थीं। मंडी प्रभारी भागचंद सिलावट के अनुसार, राहुल साहू के पिकअप वाहन में 15 क्विंटल धनिया, हरि सिंह साहू के पिकअप में करीब 15 क्विंटल धनिया, वहीं बाबूलाल महेश साहू के वाहनों में लगभग 15 क्विंटल धनिया, एक अन्य में 12 क्विंटल धनिया (ट्रॉली) और 20 क्विंटल सरसों बिना टैक्स के परिवहन करते पकड़ी गई।
अधिकारियों ने मौके पर ही सभी पर पांच गुना दंडात्मक मंडी टैक्स वसूली की कार्रवाई शुरू की। इसमें से एक व्यापारी ने 8 हजार रुपए और दूसरे ने 8375 रुपए जमा कर दिए हैं, जबकि शेष वसूली जारी है।
इस पूरी कार्रवाई में एसडीएम नितिन जैन, मंडी प्रभारी भागचंद सिलावट, कृषि विभाग के अधिकारी और पुलिस स्टाफ मौजूद रहा। तड़के हुई इस कार्रवाई से मंडी क्षेत्र में हड़कंप मच गया और कर चोरी करने वालों में खौफ का माहौल बन गया।




0 टिप्पणियाँ